इस बार नहीं सजेगा लालबाग के राजा का दरबार, कोरोना के कारण गणेशोत्सव की तैयारियों पर ग्रहण

New Delhi : देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 85 हजार 792 हो गई है। मंगलवार को 18 हजार 256 मामले सामने आये। वहीं, 12 हजार 565 लोग स्वस्थ भी हुये। कोरोना से मुम्बई में हालात बेकाबू हैं। इसकी वजह से इस साल मुम्बई में लाल बाग के राजा की स्थापना नहीं होगी।
मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान लालबाग चा राजा (लाल बाग के राजा) के दर्शन के लिए काफी भीड़ होती है। यह गणेश मंडल 86 साल से गणेश की प्रतिमा की स्थापना करते आ रहा है। लेकिन इस बार कोरोना की वजह से भव्य रूप में गणेश उत्सव नहीं मनेगा।

इस बार कई गणेश मंडल ने गणेश उत्सव नहीं मनाने का फैसला किया है। लालाबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल ने तय किया है कि इस बार गणेश उत्सव के दौरान पंडाल में 11 दिन ब्लड और प्लाज्मा डोनेशन कैंप लगाया जायेगा। इस साल गणेश उत्सव 22 अगस्त से शुरू होगा।
वैसे इस बार गणेश मूर्तियों को लेकर भी सरकार का आदेश है कि इस बार मूर्तिकार चार फीट से ज्यादा बड़ी मूर्तियां नहीं बनायेंगे। इससे गणेश उत्सव से पहले मूर्तियों का बाजार बेरौनक हो गया है। मूर्ति व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार 15 से 20 फीसदी मूर्ति बनाने के आर्डर भी नहीं आ रहे हैं। मुम्बई, पुणे समेत पूरे राज्य में लगभग ऐसा ही माहौल है। त्योहार का रंग लोगों पर चढ़ ही नहीं रहा है। बाजार बेरौनक बना हुआ है।

इधर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया – एक भाजपा विधायक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें ईएसआई अस्पताल में भर्ती किया गया है। उधर, रात करीब 11.30 बजे आरोग्य सेतु ऐप में तकनीकी खामी सामने आई। ऐप की ओर से ट्वीट में यह जानकारी दी गई। कहा कि कुछ यूजर्स को लॉगिन में परेशानी आ रही है। हालांकि, रात 12.10 बजे ऐप ने फिर से काम करना शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *