सानिया मिर्जा ने 1.25 करोड़ जुटाये, कोरोना आपदा में दान किया

New Delhi : Corona आपदा के खिलाफ लड़ाई में टेनिस स्टार Sania Mirza ने जरूरतमंदों के लिए सवा करोड़ रुपए जुटाए। उन्होंने ट्वीट किया- बीते हफ्ते हमने हजारों परिवारों को खाना पहुंचाने की छोटी सी कोशिश की और लोगों की मदद से 1.25 करोड़ रुपए जुटाए। इससे करीब 1 लाख लोगों को हम मदद पहुंचा पाएंगे। यह कोशिश आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा भारतीय महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने भी मुश्किल घड़ी में 10 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने 5 लाख रुपए पीएम केयर फंड और इतनी ही राशि तेलंगाना मुख्यमंत्री राहत फंड में देने का फैसला किया है। इसके अलावा क्रिकेटर पूनम यादव और दीप्ति शर्मा भी कोरोना से जंग में सरकार का साथ देंगी। दीप्ति 1.5 लाख रुपए दान करेंगी। इससे पहले, मुक्केबाज और राज्यसभा सांसद मैरीकॉम ने भी अपनी एक महीने की सैलरी पीएम रिलीफ केयर फंड में दी थी। इसके अलावा वे सांसद निधि से 1 करोड़ रुपए दे चुकी हैं।
भारतीय स्प्रिंटर हिमा दास ने भी कोरोनावायरस से निपटने के लिए अपनी एक महीने की सैलरी दान करने का फैसला किया है। हिमा असम के कोविड-19 राहत कोष में अपना वेतन दान करेंगी। 15 साल की भारतीय शूटर ईशा सिंह भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 30 हजार रुपए दान करेंगी।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया(साई) के सभी कर्मचारियों ने अपनी 3 दिन की सैलरी पीएम केयर फंड में दान दी है। यह राशि करीब 76 लाख रुपए है। खेल मंत्री किरन रिजिजू ने साई के इस कदम की तारीफ की। उन्होंने ट्वीट किया- मुझे यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के ग्रुप-ए के कर्मचारी अपनी 3 दिन की सैलरी, ग्रुप-बी 2 दिन और बाकी सभी कर्मचारियों ने 1 दिन की सैलरी पीएम केयर फंड में दान की है। कुल राशि करीब 76 लाख रुपए है।
भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया ने भी मदद के हाथ बढ़ाए हैं। उन्होंने सिक्किम लौट रहे मजदूरों के रहने के लिए अपना निर्माणाधीन मकान देने का फैसला किया है। भूटिया ने कहा- लॉकडाउन से सबसे ज्यादा प्रभावित वह मजदूर हैं, जो अपने घर लौट रहे हैं। ऐसे में मैंने गंगटोक में अपना निर्माणाधीन मकान इन्हें देने का फैसला किया है। इसमें करीब 100 लोग रुक सकते हैं। हम इन्हें राशन भी मुहैया कराएंगे। मुश्किल घड़ी में हम इनके साथ हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी प्रधानमंत्री केयर फंड में 51 करोड़ रुपए दान किए हैं। इसके अलावा पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने 50 लाख, सुरेश रैना ने 52 लाख रुपए इस फंड में दान कर चुके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *