रामायण टीवी सीरियल का मनमोहक दृश्य। श्रीराम और मां सीता सिंहासन पर विराजमान।

सरकार ने बताया – रामायण ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक एपिसोड को 7.7 करोड़ लोगों ने देखा

New Delhi : टेलीविजन सीरियल रामायण ने री-टेलिकास्ट होने के बाद से कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये हैं। शो को जबरदस्त TRP मिल रही है। अब शो को लेकर प्रसार भारती के माध्यम से एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। रामायण के 16 अप्रैल के एक एपिसोड को दुनियाभर में 7.7 करोड़ लोगों ने देखा। इस नंबर के साथ यह शो एक दिन में दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया है। आम तौर पर इस सीरियल के एक दिन के दोनों एपिसोड मिलाकर करीब 8-10 करोड़ लोग औसतन देखते थे लेकिन 16 अप्रैल के रात 9 बजेे के एपिसोड को 7.7 करोड़ लोगों ने देखकर वर्ल्ड रिकार्ड बना दिया।

 

जबसे यह शो शुरू हुआ है तभी से टीआरपी की लिस्ट में नंबर वन है। कुछ दिनों पहले प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने बताया था कि साल 2015 से लेकर अब तक जनरल एंटरटेनमेंट कैटगरी (सीरियल्स) के मामले में यह शो टॉप पर है। साल 2015 से अब तक का सबसे अधिक टीआरपी जनरेट करने वाला हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट शो रामायण है।
वेब सर्विस प्रोवाइडर याहू ने एक सर्वे रिलीज किया है। यह सर्वे पिछले एक महीने में यूजर्स के डेली सर्च के आधार पर है। इस सर्वे में बताया गया है कि भारत में किसके बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया गया है। एंटरटेनमेंट की बात करें तो इसमें सबसे ज्यादा कनिका कपूर और रामायण के बारे में सर्च किया गया है। शोज की बात करें तो इस बीच सबसे ज्यादा जिस शो के बारे में सर्च किया गया, वो रामायण है। रामायण ने बिग बॉस, ड्राइव, तानाजी, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज फिल्मों और शोज को पछाड़ा है।

रामायण के तीन मुख्य किरदार जिन्होंने इस टीवी सीरीज को ऐतिहासिक बना दिया।

लॉकडाउन के बीच शुरू हुआ ‘रामायण’ 18 अप्रैल को समाप्त हो गया। रामायण के रिकार्डतोड़ सफलता के बाद दूरदर्शन अब लव-कुश का पुनः प्रसारण कर रहा है, जिसे मूलरूप से ‘उत्तर रामायण’ के नाम से जाना जाता है। हालांकि, 19 अप्रैल से इसे सिर्फ रात 9 बजे के स्लॉट में टेलीकास्ट दिखाया जा रहा, जबकि सुबह 9 बजे के स्लॉट में रात वाले एपिसोड का ही रिपीट टेलीकास्ट होगा। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने इस बात के संकेत भी दिए हैं कि आने वाले समय में 90 के दशक के पॉपुलर शो ‘श्रीकृष्णा’ का पुनः प्रसारण भी किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *