दीदी नहीं मानीं : कोलकाता छोड़ पूरे देश में 25 मई से उड़ानें, 13 राज्यों में क्वारैंटाइन अनिवार्य, महाराष्ट्र में क्वारैंटाइन नहीं

New Delhi : नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने रविवार को जानकारी दी – आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर 25 मई से देशभर में घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। आंध्र में 26 मई और बंगाल में 28 मई से सीमित फ्लाइट्स को मंजूरी दी जायेगी। इससे पहले महाराष्ट्र और तमिलनाडु भी घरेलू उड़ानों के लिए मंजूरी दे चुके हैं। ये वह राज्य हैं, जो पहले घरेलू उड़ानें शुरू करने के पक्ष में नहीं थे। 25 मई को 1050 फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी।

कोलकाता एयरपोर्ट पर 25 से 27 मई के बीच कोई घरेलू फ्लाइट नहीं ऑपरेट होगी। 28 मई से हर दिन 20 फ्लाइट ऑपरेट होंगी। हैदराबाद एयरपोर्ट सोमवार से हर दिन 30 फ्लाइट को ऑपरेट करेगा। इधर 13 राज्य सरकारों ने वापस आ रहे लोगों के लिए 14 दिनों का क्वारैंटाइन जरूरी कर दिया है। कर्नाटक, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत दस राज्यों की सरकार ने फैसला लिया है कि जो भी विमान से राज्य वापस आयेगा, उसे क्वारंटाइन रहना होगा। इस बीच केंद्र सरकार के साथ दो गैर बीजेपी राज्यों के बीच घरेलू उड़ानों को लेकर रार पैदा हो गई है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ ने अब तक इस फैसले पर अपनी रजमंदी नहीं दी है। महाराष्ट्र ने अपने पुराने आदेश में अभी तक संशोधन नहीं किया है। छत्तीसगढ़ ने केंद्र से स्पष्ट जानकारी की मांग की है। इधर स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है।
ओडिशा सरकार के अनुसार ओडिशा में वापसी पर 14 दिनों का क्वारैंटाइन अनिवार्य होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 7-दिनों का संस्थागत और 7-दिनों का होम क्वारैंटाइन होना होगा। शहरी क्षेत्रों में 14 दिनों का अनिवार्य होम क्वारैंटाइन रहेगा। पंजाब, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश ने भी कहा है कि विमान से आने वाले यात्रियों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन होना होगा।
उत्तर प्रदेश में 25 मई से शुरू होने वाली हवाई उड़ानों का प्रोटोकॉल तैयार कर लिया गया है। इनमें जो प्रदेश के बाहर के निवासी आयेंगे, उन्हें क्वारैंटाइन में रखा जाएगा। जो यात्री एक-दो दिन के लिए अपने काम से आयेंगे, उन्हें अपने रिटर्न टिकट का पूरा ब्योरा देना होगा। यह भी बताना होगा कि वह कहां रुकेंगे। किस काम से आये हैं।
प्रशासन ने कहा कि अगले हफ्ते से राज्य में आने वाले यात्रियों को कोविड-19 जांच कराना अनिवार्य होगा। जांच रिपोर्ट आने तक उन्हें संस्थागत क्वारैंटाइन में रहना होगा। प्रशासन ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई मार्ग से आने सभी यात्रियों या प्रदेशवासियों के लिए कोविड-19 जांच अनिवार्य है। जांच रिपोर्ट आने तक उन्हें 14 दिनों के लिए संस्थागत क्वारैंटाइन में रहना होगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें गृह क्वारैंटाइन में भेजा जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में विमान, ट्रेन या बस से आने वाले सभी यात्रियों को अनिवार्य तौर पर 14 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाना होगा। अंडमान-निकोबार प्रशासन ने कहा कि सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारेंटाइन में जाना होगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 25 मई से राज्य में आने वाले सभी विमान यात्रियों को 14 दिन के इंस्टिट्यूशन क्वारंटाइन पीरियड में जाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *