कैबिनेट सचिव बोले – कुछ मीडिया हाउस अफवाह उड़ा रहे, लॉकडाउन बढ़ाने का कोई प्लान नहीं

New Delhi : देश में 21 दिनों का जो लॉकडाउन चल रहा है फिलहाल उसको बढ़ाने को लेकर सरकार में कोई चर्चा नहीं चल रही है। कुछ मीडिया में ये दावा किया जा रहा था कि लॉकडाउन को बढ़ाया जा सकता है। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने आज कहा कि सरकार की लॉकडाउन बढ़ाने की कोई मंशा नहीं है। राजीव गौबा ने कहा कि इस तरह की सारी रिपोर्ट बेसलेस है। कुछ सोशल प्लैटफॉर्म और मीडिया द्वारा इस तरह का अफवाह फैलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए 24 मार्च से 21 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया था। ये लॉकडाउन 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। कैबिनेट सेक्रेटरी ने कहा है कि वह इस तरह की रिपोर्ट्स देखकर हैरान हैं और सराकर का अभी ऐसा कोई भी प्लान नहीं है।
इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की पहल पर आज 600 करोड़ रुपये मजदूरों के अकाउंट में ट्रांसफर किये जायेंगे। इसका मूल उद‍्देश्य है मजदूरों का पलायन रोकना, क्योंकि लॉकउाडन के बावजूद पूरे उत्तर प्रदेश में मजदूरों का पलायन व्यापक पैमाने पर हो रहा है। यही नहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरी सख्ती के साथ अपनी सीमाएं सील कर दी है।


लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन का निर्देश सभी SP और DM को दिया गया है। आज से पूरी सख्ती होगी। किसी को नहीं बख्शा जायेगा। इधर इंदौर में संक्रमितों की संख्या अब 24 हो चुकी है। एकाएक कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा मंडराने लगा है। अब आज से इंदौर में देश का सबसे सख्त लॉकडाउन रहेगा। यहां दूध-सब्जी समेत कोई भी जरूरी सामान नहीं मिलेगा।
इंदौर में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शहर की सीमाओं के आसपास और चौराहों पर लिखा- लॉकडाउन और भारत बंद। शहर में 24 घंटे खुले रहने वाले पेट्रोल पंप बंद हैं। सिर्फ 7 पेट्रोल पंप खुले हैं, जो इमरजेंसी सेवाओं- एंबुलेंस, टैंकर, सरकारी वाहन को डीजल, पेट्रोल दे रहे हैं। पुलिस ने सुबह 7 बजे के बाद हर चौराहे पर नाकेबंदी कर दी है। हर आने-जाने वाले को समझाइश दी जा रही है। पुलिस का कहना था कि थोड़़ी देर समझाएंगे, नहीं मानते हैं तो केस दर्ज करेंगे।

देश में कोरोनावायरस के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना से संक्रमित 54 वर्षीय महिला की रविवार रात 2 बजे मौत हो गई। यह राज्य में कोरोना संक्रमण से दूसरी मौत है। महिला दार्जीलिंग जिले के कलिमपोंग की रहने वाली थी। वह हाल ही में बेटी का इलाज करवा कर चेन्नई से लौटी थी। इसके बाद उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसे नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था।

इससे पहले रविवार को 5 संक्रमितों की मौत हुई थी। मुंबई में 40 साल की महिला की जान गई थी। वह हाईपरटेंशन की मरीज भी थी। इसके अलावा राज्य के बुलढाणा में भी 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत संक्रमण के चलते हुई थी। इन्हें पहले निमोनिया की शिकायत बताई गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *