Created with GIMP

Amphan आने वाला है- चक्रवाती तूफान से 8 राज्यों में अलर्ट, आंधी-तूफान, भारी बारिश की आशंका

New Delhi : मौसम विभाग की एक चेतावनी ने आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने कहा है – शनिवार की शाम 16 मई को बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान Amphan आयेगा। अंडमान निकोबार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। इस चक्रवाती तूफान के चलते देश के आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही इस बार मानसून के भी थोड़े विलंब से आने की सूचना दी गई है। पहले अनुमान था कि भारत में एक जून को मानसून बरसेगा लेकिन अब ऐसा अनुमान है कि मानसून 5 या 6 जून को केरला के तटीय क्षेत्रों में बरसेगा।

अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आज और कल भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा ओडिशा के तटीय इलाकों और पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण और सेंट्रल इलाके के समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। साथ ही जो मछुआरे समुद्र के इन इलाकों में गये हैं, उन्हें भी तुरंत वापस लौट आने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी चक्रवाती तूफान एम्फन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के तटीय इलाकों में आगे 2-3 दिनों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली एनसीआर में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम बदल गया है। शुक्रवार को भी दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जतायी गई है। इस समय देश में वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस एक्टिव है। इसके कारण देश के पहाड़ी क्षेत्रों जैसे, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम बिगड़ सकता है। इन राज्‍यों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेन्‍ज अलर्ट जारी किया है। और लोगों से सतर्क रहते हुए घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आज और कल वहीं तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में मंगलवार को तथा पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर अगले हफ्ते बुधवार को भारी बारिश की आशंका है। वहीं शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली व आस-पास के कई हिस्सों में धूल भरी हवा के साथ बारिश की आशंका जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *